‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ के 30 साल पूरे:शाहरुख-काजोल ने लंदन में अपनी सिग्नैचर स्टाइल वाले स्टैच्यू को किया अनवील

बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे (DDLJ) को रिलीज हुए इस साल 30 साल पूरे हो गए हैं। हाल ही में फिल्म में लीड रोल प्ले करने वाले शाहरुख खान और काजोल ने लंदन में अपना ब्रॉन्ज स्टैच्यू अनवील किया। फिल्म के मशहूर पोज में बनाई गई मूर्ति में शाहरुख और काजोल को उनके किरदार राज और सिमरन के रूप में दिखाया गया है। स्टैच्यू के लॉन्चिंग के दौरान दोनों सितारों ने साथ में फोटो भी खिंचवाईं। शाहरुख काले सूट में नजर आए जबकि काजोल नीली साड़ी में दिखीं। शाहरुख खान ने इस खास मौके पर सोशल मीडिया पर लिखा, आज लंदन के लीसेस्टर स्क्वायर में राज और सिमरन की ब्रॉन्ज स्टैच्यू को लॉन्च करते हुए बहुत खुशी हो रही है। दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे (DDLJ) के 30 साल पूरे होने का यह जश्न बेहद खास है। DDLJ पहली भारतीय फिल्म है जिसे सीन्स इन द स्क्वायर ट्रेल में जगह मिली है। यूके के सभी लोगों का धन्यवाद जिन्होंने यह संभव किया। अगर आप कभी लंदन आएं तो राज और सिमरन से जरूर मिलें। हम चाहते हैं कि आप DDLJ के साथ और यादें बनाएं। बता दें कि दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे का निर्देशन आदित्य चोपड़ा ने किया था। यह फिल्म आज भी दर्शकों के दिलों में बसी है। इसके किरदार राज और सिमरन ने हिंदी सिनेमा में एक अलग पहचान बनाई। यह भारत की सबसे लंबी चलने वाली फिल्म है, जो अब भी मुंबई के मराठा मंदिर सिनेमाघर में दिखाई जाती है। फिल्म को लेकर शाहरुख खान ने हाल ही में एक बयान में कहा कि ऐसा लगता ही नहीं कि DDLJ को रिलीज हुए 30 साल हो गए। लगता है जैसे कल ही की बात हो, लेकिन यह अब भी यकीन करना मुश्किल है। मैं दुनियाभर के लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने राज को इतना प्यार दिया। किसी ने नहीं सोचा था कि यह फिल्म लोगों के दिलों में इतनी गहराई से बस जाएगी। वहीं काजोल ने कहा कि DDLJ का थोड़ा-बहुत हिस्सा हर रोमांटिक फिल्म में दिखाई देता है जो इसके बाद बनी। सिमरन मेरे लिए एक ऐसा किरदार है जो खत्म ही नहीं होता। वह उन लाखों लड़कियों की आवाज है जो अपने माता-पिता की बात मानती हैं, लेकिन अपने सपनों को भी नहीं छोड़तीं। जब कोई कहता है ‘जा सिमरन, जा’ तो वह सिर्फ एक डायलॉग नहीं होता, वह हिम्मत और प्यार की ताकत का प्रतीक बन जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *