24 नवंबर को 89 साल की उम्र में हिंदी सिनेमा के ही-मैन धर्मेंद्र का निधन हो गया। उनके जाने के बाद से लोग उनसे जुड़ी यादें और किस्से शेयर कर रहे हैं। ऐसे में अभिनेता निकितिन धीर ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने बताया कि जब उनके पिता पंकज धीर का निधन हुआ था, उस समय धर्मेंद्र खुद आईसीयू में थे। इसके बावजूद उन्होंने उनकी मां को फोन करके संवेदनाएं व्यक्त की थीं और कहा था कि चिंता न करें, वह जल्द ही घर लौट आएंगे। निकितिन धीर ने धर्मेंद्र, हेमा मालिनी और पिता पंकज धीर की कुछ तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, मेरे पापा और मैं अक्सर यह चर्चा करते थे कि हमारी फिल्म इंडस्ट्री का सबसे सफल हीरो कौन है। वह बिना झिझक कहते धरम अंकल। वह हमेशा कहते थे कि वह सबसे मर्दाना, सबसे हैंडसम, सबसे विनम्र और उनका दिल बिल्कुल ओरिजिनल सोने जैसा दिल है। जब मेरे पापा का देहांत हुआ, तो धरम अंकल ने ICU से मेरी मां को फोन किया और अपना प्यार और संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने मां से कहा कि वह जल्द ही घर वापस आ जाएंगे, चिंता न करें। निकितिन धीर ने आगे लिखा, उनका जाना बेहद व्यक्तिगत दुख जैसा लगता है। हम उनकी गोद में ही बड़े हुए हैं। उनसे हमेशा बस प्यार और आशीर्वाद ही मिला। उन्हें हमेशा उस मुस्कान के साथ देखा, जो कमरे को रोशन कर देती थी। उनका हाथ हमेशा हमें आशीर्वाद देने के लिए उठा रहता था। सिनेमाजगत में आपके अमूल्य योगदान के लिए धन्यवाद। हमारे बचपन को खुशी से भर देने के लिए धन्यवाद। यह दिखाने के लिए धन्यवाद कि एक पुरुष कैसा हो सकता है और उसे कैसा होना चाहिए। आपके छोड़े हुए खालीपन को कोई कभी नहीं भर सकता। धर्मेंद्र जैसा दूसरा कोई कभी नहीं होगा। बता दें, धर्मेंद्र 10 नवंबर को ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में एडमिट होने से पहले 31 अक्टूबर को भी एडमिट हुए थे। तब भी उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई थी। हालांकि जब 10 नवंबर को वे भर्ती हुए तो परिवार के करीबी सूत्र ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया था कि धर्मेंद्र की हालत नाजुक है और उनकी बेटियों अजेता-विजेता को भी विदेश से भारत बुला लिया गया है। तब बॉबी देओल भी अल्फा फिल्म की शूटिंग छोड़कर हॉस्पिटल पहुंचे थे। 12 नवंबर को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। इसके बाद घर पर ही उनका इलाज चल रहा था। लेकिन फिर 24 नवंबर को उनका निधन हो गया।
धर्मेंद्र के निधन पर निकितिन धीर का इमोशनल पोस्ट:लिखा- पिता के देहांत पर ICU से फोन कर मां से कहा था- मैं जल्द आऊंगा